*हरिद्वार, 4 जुलाई, 2026*

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चल रहे ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के तहत शनिवार को ऋषिकुल आयुर्वेदिक महाविद्यालय के ऑडिटोरियम में भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान स्कूली छात्र-छात्राओं और लोक कलाकारों ने देशभक्ति एवं उत्तराखंड की लोक संस्कृति पर आधारित मनमोहक प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में आनंदमयी सेवा सदन महिला इंटर कॉलेज, नेताजी सुभाष चंद्र बोस आवासीय छात्रावास, लालढांग स्पोर्ट्स छात्रावास सहित विभिन्न शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। वहीं सूचना विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल ढण्डेरा गढ़ भूमि सांस्कृतिक विकास समिति के कलाकारों ने लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों से उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को जीवंत कर दिया।

मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र ने कहा कि राज्य सरकार के पांच वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर प्रदेशभर में सेवा, सुशासन एवं समर्पण पखवाड़े के तहत विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इन आयोजनों के माध्यम से आमजन को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने के साथ देशभक्ति की भावना को भी मजबूत करते हैं।

कार्यक्रम में संयोजक सचिव रेडक्रास नरेश चौधरी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह, प्रधानाचार्य योगेंद्र दत्त, शिक्षिका दीपा यादव, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share