हरिद्वार, 10 अक्टूबर 2025 — नगर निगम हरिद्वार ने आज भूपतवाला क्षेत्र में अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाते हुए नगर निगम की संपत्ति पर अवैध रूप से बनाई गई दुकानों और ढाबों को हटा दिया। यह कार्रवाई सहायक नगर आयुक्त श्री श्याम सुंदर और श्री महेंद्र यादव के नेतृत्व में की गई।
नगर निगम की टीम ने पुलिस विभाग के साथ समन्वय बनाते हुए नेशनल हाईवे के किनारे निगम की भूमि पर बने ढाबों और दुकानों को जेसीबी की मदद से ध्वस्त कर दिया। नगर निगम द्वारा पहले ही सभी अतिक्रमणकारियों को चेतावनी दी जा चुकी थी, लेकिन 10 अक्टूबर 2025 तक किसी ने भी स्वयं अतिक्रमण नहीं हटाया। इस कारण आज निगम टीम को सख्त कार्रवाई करनी पड़ी।
नगर आयुक्त (IAS) श्री नंदन कुमार ने कहा कि नगर निगम की संपत्ति पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों के अनुसार कार्रवाई भविष्य में भी जारी रहेगी और अवैध कब्जे करने वालों पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस कार्रवाई से स्थानीय क्षेत्र में हड़कंप मच गया और लोगों ने नगर निगम की इस सख्त कार्यवाही की सराहना की।
