-सभी आरओ को दिए ईवीएम मशीनों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश
जयन्त प्रतिनिधि।
कोटद्वार : विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2022 के तहत प्रेक्षक केए दयानंद, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने संयुक्त रूप से शनिवार को पोलिंग पार्टी रवाना स्थल कंडोलिया मैदान में माइक्रो ऑबर्वर कक्ष, परिवहन कक्ष, एसएमएस पंजीकरण सहित विधानसभाओं के ईवीएम कक्षों का निरीक्षण किया। इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी ने समस्त आरओ को निर्देशित किया कि पोलिंग पार्टियों को वितरित की जा रही ईवीएम मशीनों का विशेष ध्यान रखें। उन्होंने बूथों में तैनात किए गए कार्मिकों को निर्देशित किया कि पोलिंग बूथ पर जाते व वापस आते समय ईवीएम मशीन को सुरक्षित रखें। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से मास्क, सैनिटाइजर व कोविड-19 का अनुपालन करना सुनिश्चित करें। कंडोलिया मैदान पौड़ी से विधानसभा चौबट्टाखाल, श्रीनगर व पौड़ी के लिए 87 और राजकीय महाविद्यालय कोटद्वार से विधानसभा लैंसडौन, कोटद्वार व यमकेश्वर के लिए 186 पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. जोगदंडे ने कहा कि पोलिंग पार्टी का कोई भी सदस्य ईवीएम मशीन को छोड़कर नहीं जा सकता। ऐसा करने पर उसके खिलाफ कार्यवाही की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि पोलिंग पार्टी रवाना व वापस आते समय रास्तों में नहीं रुकेंगे। कहा कि पोलिंग पार्टियों के लिए भोजन की पूर्ण व्यवस्था बूथ परिसर में ही भोजन माताओं द्वारा की जाएगी। इसके अलावा पोलिंग पार्टियां कहीं भी रास्ते में भोजन नहीं कर सकते। किसी पोलिंग पार्टी के सदस्य की अचानक तबीयत खराब हो जाती है तो वह तत्काल कंट्रोल रूम में संपर्क करें, जिससे वहां स्थानीय मेडिकल टीम पहुंच सकेगी। इसके अलावा उन्होंने कहा कि पोलिंग पार्टी की अचानक गाड़ी खराब हो जाती है तो उसके लिए भी कंट्रोल रूम में संपर्क करें। जिससे वहां दूसरा वाहन समय पर भेजा जा सकेगा। साथ ही उन्होंने कहा कि मतदान केंद्र के पास किसी भी व्यक्ति द्वारा मोबाइल फोन नहीं लाया जाएगा। उन्होंने समस्त कार्मिकों को भी निर्देशित किया कि अपना-अपना मोबाइल फोन किसी सुरक्षित स्थान पर जमा करना सुनिश्चित करें। कहा कि जनपद के 50 प्रतिशत बूथों में वेबकास्टिंग की व्यवस्था की गई है। साथ ही उन्होंने समस्त कार्मिकों को निर्देशित किया कि 14 फरवरी को पूर्वाहन आठ बजे से शाम छह बजे तक मतदान करवाना सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने बीएसएफ, पीएसी, पुलिसकर्मी, होमगार्ड व पीआरडी के जवानों को निर्देशित किया कि जिन पोलिंग पार्टियों के साथ ड्यूटी तैनात की गई है, उन्हीं पोलिंग पार्टी के साथ बस/जीप के माध्यम से रवाना होना सुनिश्चित करें। किसी भी कार्मिक द्वारा मतदान स्थल को जाने के लिए अपने निजी वाहन का उपयोग नहीं किया जाएगा, ऐसा करने पर संबंधित कार्मिक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि मतदान केंद्र के अंदर प्रवेश न करें, पीठासीन अधिकारी के कहने पर ही प्रवेश करें। कहा की जब तक स्ट्रांग रूम पौड़ी में ईवीएम मशीन जमा नहीं हो जाती तब तक ड्यूटी पर बने रहें। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा वेक्सीनेशन कैम्प भी लगाया गया। बूथों में जाने वाले कार्मिकों द्वारा तीसरा डोज भी लगाया गया।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Share